फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: कताई मिल की भूमि पर बनेगा औद्योगिक पार्क

Fri, 03 Oct 2025 01:41 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
नौगांवा रोड ​स्थित कताई मिल का मुख्यद्वार। संवाद
विज्ञापन
अमरोहा। नौगांवा सादात रोड पर गांव याहियापुर में सहकारी कताई मिल की जमीन को अब औद्योगिक हब के रूप में तैयार किया जाएगा। सालों से वीरान यह जमीन अब उद्योग और रोजगार का नया केंद्र बनेगी। मिल की जमीन पर औद्योगिक पार्क तैयार कर निवेशकों को दिया जाएगा जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकेंगे। औद्योगिक पार्क तैयार करने की जिम्मेदारी उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) को दी गई है।
विज्ञापन




प्रदेश में अमरोहा की पहचान भले ही छोटे जिले के रूप में होती हो लेकिन औद्योगिक दृष्टि से यह जिला अपनी एक अलग पहचान रखता है। गजरौला समेत डिडौली क्षेत्र में कई कंपनियां लोगों को रोजगार मुहैया करा रही हैं। अमरोहा में नौगांवा रोड पर बनी सहकारी कताई मिल भी इसी तरह अपनी एक अलग पहचान रखा करती है। 1984 में इस कताई मिल की शुरुआत हुई थी। इसके बाद अमरोहा हैंडलूम हब के रूप में बनकर उभरा था।

इस मिल में हजारों की तादाद में मजदूर काम करते थे लेकिन साल 2002-03 के आसपास यह मिल बंद हो गई। साल 2010 में इस मिल को स्थाई रूप से बंद घोषित कर दिया गया था। समय बीतने के साथ ही यहां झाड़ियों का बसेरा हो गया था। स्थानीय लोग वर्षों से इस कताई मिल को फिर से चलाए जाने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन सरकार ने अब नए तरीके से इस मिल की जमीन को गुलजार करने का फैसला किया है। इसकी जमीन पर औद्योगिक पार्क बनाए जाने का निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन




लगेंगे नए उद्योग, स्थानीय निवेशकों को होगा फायदा



सहकारी कताई मिल की 80.71 एकड़ जमीन को औद्योगिक हब के रूप में विकसित होने के बाद यहां नए उद्योग बसाए जाएंगे जिसमें स्थानीय निवेशकों को वरीयता दी जाएगी। इससे निवेश के इच्छुक उद्यमियों को तो फायदा होगा ही, साथ ही लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। स्थानीय लोगों को रोजगार पाने के लिए दूर नहीं जाना होगा। उन्हें नजदीक ही रोजगार मिल सकेगा।



हो रहा गोशाला और सीओ कार्यालय का संचालन



कताई मिल की खाली जमीन का सदुपयोग करते हुए वहां अस्थाई गोशाला का संचालन किया जा रहा है। गोशाला के संचालन का जिम्मा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया गया है लेकिन कताई मिल की जमीन को औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित होने की तैयारियों के बाद अब गोशाला में पल रहे गोवंशों को दूसरी गोशालाओं में समायोजित करने की तैयारी की जा रही है। सीवीओ डॉ. आभा दत्त ने बताया कि जल्द ही गोवंशों को दूसरी गोशालाओं में स्थानांतरित करा दिया जाएगा। इसके अलावा नौगांवा सादात सीओ कार्यालय का संचालन भी कताई मिल परिसर में किया जा रहा है। जिसको भी वहां से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा।







शासन स्तर से यह प्रक्रिया चल रही है। औद्योगिक दृष्टि से इससे जिले को फायदा मिलेगा और लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। शासन स्तर से इस संबंध में जो भी निर्देश मिलेंगे उनका पालन कराया जाएगा। - निधि गुप्ता वत्स, डीएम







फिलहाल अभी इस सबंध में कोई निर्देश नहीं मिले हैं, शासन से स्तर से जो भी निर्देश मिलेंगे उनका पालन करते हुए कार्य कराया जाएगा। - धर्मेंद्र कुशवाहा, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें