अमरोहा। नगर पालिका परिषद के बोर्ड की बैठक में छह महीने के आय व्यय का ब्योरा दो मिनट में पास हो गया। कुल 53.19 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर सभासदों ने करतल ध्वनि से मुहर लगा दी। इसके चलते सात महीने के बाद आयोजित बैठक भी पूरी हो गई।
सोमवार को नगर पालिकाध्यक्ष शशि जैन दोपहर 2.15 बजे कर अनुभाग के हॉल में पहुंचीं। इससे पहले सभासद आपस में चर्चा कर रहे थे। इस बीच लेखाकार मोहम्मद अजहर ने 53,19,87,180 रुपये के विवरण को सभासदों के समक्ष रखा। हालांकि हॉल में सभासद आपस में चर्चा में मशगूल रहे। इसके चलते प्रस्ताव पर चर्चा तक प्रारंभ नहीं हो सकी। अध्यक्ष शशि जैन ने उन्हें दिवाली की बधाई दी। कहा कि त्योहार करीब है सभी की जिंदगी में खुशियां लेकर आए। उनके बयान के कुछ क्षण के बाद सभासदों ने तालियां बजाई। इसके साथ ही छह महीने के आय व्यय के ब्योरे पर मुहर लगा दी। अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुुमार ने बैठक समाप्ति की घोषणा कर दी।
मालूम हो कि इससे पहले एक अप्रैल को बैठक हुई थी। सात महीने के अंतराल के बाद बैठक भी चंद मिनट चल सकी। इस दौरान सरताज खान, फहीम शाहनवाज, शकील अंसारी, विकास विक्की टंडन, प्रतीक शर्मा, नूर नबी, अकील अंसारी, वीर अभिमन्यु, अंकित गुप्त, चंद्रगुप्त मौर्य, श्वेता यादव, संगीता, सादिया परवीन, मुकेश नाटे, रुपेश गुड्डू, सीमा रायजादा, पूजा राठौर, विनोद, तरन्नुम आदि रहे।
आज से होगा कीटनाशक का छिड़काव
अमरोहा। सभासदों ने डेंगू के बढ़ते प्रकोप को नियंत्रण करने के लिए कीटनाशक के छिड़काव की मांग की। इसके बाद अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार ने सफाई निरीक्षकों से मोहल्लों में शेड्यूल तय करने को कहा। सफाई निरीक्षक मोहम्मद इल्तिजा, जगत सिंह और वैैशाली सोती ने मोहल्लों में फॉगिंग और एंटी लॉर्वा के छिड़काव की समय सारिणी प्रस्तुत की। इसके तहत दो नवंबर से कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा। पहले दिन छिड़काव शहर के कोट मोहल्ले से प्रारंभ। सफाई अनुभाग के कार्यक्रम के अनुसार दो नवंबर से 13 नवंबर तक लगातार छिड़काव होगा। कार्यक्रम के तहत दो नवंबर को कोट, बटवाल और मजापोता, जबकि तीन नवंबर को पीरगढ़, खालसा और अफगानान में छिड़काव होगा। वहीं, चार नवंबर को कटकुई, अहमद नगर और छंगा दरवाजा, जबकि पांच नवंबर को चौक, गश्तियान और मंडी चौब में कीटनाशक का छिड़काव करना है। छह नवंबर केे दरबारे कला, बाजार रज्जाक और मुल्लाना, जबकि सात नवंबर को नौगजा, मोहम्मदी सराय और किशन गढ़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर को कुरैशी पूर्वी, काला कुंआ और शफातपोता, जबकि 10 नवंबर केे कटरा गुलाम अली, छेवड़ा और काली पगड़ी शामिल है। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि 11 नवंबर को कलक्ट्रेट के ऑफिसर्स कॉलोनी, अमरोहा ग्रीन और सराय कोहना, जबकि 12 नवंबर को नल, आवास विकास और बसावनगंज में एंटी लॉर्वा का छिड़काव किया जाना है। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर केे नौबतखाना और लकड़ा मोहल्ले में दवाओं का छिड़काव करना है।
शहर के विकास के बजाय दावत पर चर्चा
अमरोहा। नगर पालिका के बोर्ड की बैठक सोमवार को गैरजरूरी चर्चाओं के नाम रही। शहर और अपने मोहल्ले के विकास के बजाय दावतों पर चर्चा करते रहे। कर अनुभाग हॉल में अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार दोपहर दो बजे आ गए। इसके बाद लगभग 10 सभासद भी आ गए। एक सभासद ने कहा कि प्रस्ताव को घर से पास कर दिया जाए। कुछ देर तक इधर उधर की चर्चा के बाद दोबारा सभासद ने पप्पू पास हो गया ... की बात बैठक में कही। इसके साथ ही ठहाके गूंज गए। उन्होंने दावतों के तारीख की बात कही।