गजरौला। क्षेत्र में खनन कर रहे माफिया ने हसनपुर तहसील के कानूनगो को कुचलने की कोशिश की। घटना के चार दिन बाद भी मामले में खनन विभाग को रिपोर्ट नहीं भेजी गई है।
हसनपुर तहसील में तैनात कानूनगो अरविंद शर्मा ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर वह शनिवार शाम थानाक्षेत्र के गांव फिरोजपुर गढ़ावली में बालू के अवैध खनन की सूचना पर गए थे। उनको बड़े पैमाने पर खनन होता मिला। उन्होंने अवैध खनन रोकने की कोशिश की तो उनको जेसीबी चालक ने कुचलने की कोशिश की। वह किसी तरह उससे बचे। माफिया जेसीबी, दो ट्रैक्टर ट्राली और एक पोकलेन को छोड़कर भाग गया। उन्होंने जेसीबी, दो ट्रैक्टर ट्राली और पोकलेन को कब्जे में लिया।
उनको सीज करते हुए थाने की औद्योगिक चौकी में खड़ा कर दिया। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे थे। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। उधर घटना के चार दिन बाद भी कानूनगो ने खनन अधिकारी को अवैध खनन की रिपोर्ट नहीं भेजी है। जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार का कहना है कि हसनपुर तहसील की टीम ने खनन करते जेसीबी, दो ट्रैक्टर ट्रॉली, पोकलेन को पकड़ा है। यह उनको जानकारी है, लेकिन तहसील की टीम ने खनन की रिपोर्ट नहीं भेजी है।