अमरोहा। वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर सुधीर कुमार ने हल्का लेखपाल से नाराजगी जताई। माैके पर जाकर अवैध निर्माण को रोकने के आदेश दिए। लेखपाल ने माैके पर पहुंचकर काम रुकवाया।
सोमवार को मोहल्ला काली पगड़ी निवासी जुनैद अहमद ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि बिजनौर रोड स्थित चूना भट्ठी के निकट वक्फ के कब्रिस्तान अब्दुल सत्तार पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है। वह कुछ सत्ताधारियों के संरक्षण में वक्फ संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने रविवार को कब्रिस्तान की जमीन पर ईंट डालकर अवैध निर्माण का प्रयास किया और वहां कुट्टी काटने की मशीन भी लगाई गई।
जुनैद अहमद की शिकायत पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नौशाद हुसैन ने एसडीएम सदर से कब्जा रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने हल्का लेखपाल को तत्काल ही अवैध निर्माण रोकने को कहा। एसडीएम के आदेश पर मौके पर पहुंची टीम ने कब्जा रुकवा दिया और चेतावनी दी कि अगर दोबारा से कब्जे का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जे की सूचना मिली थी। काम रुकवा दिया गया।
-