बछरायूं। अवैध प्लाॅटिंग की वजह से सवा करोड़ रुपये खर्च कर बनाए गए नाले से पानी की निकासी बाधित हो रही है। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीएम की जांच में यह बात सामने आई है। समस्या के समाधान के लिए एसडीएम ने पालिका व प्लाटिंग करने वाले लोगों की अपने कार्यालय में बैठक बुलाई है।
करीब एक साल पहले नगर पालिका की ओर से हफीज रोड से स्टेट बैंक तक बसी आबादी के गंदे पानी की निकासी के लिए 1.25 करोड रुपये की लागत से नाले का निर्माण कराया था। आरोप है कि नाले का ढाल गलत होने के पानी की निकासी नहीं हो पाई। गंदा पानी सड़क पर भरने लगा। इससे नागरिकों को भारी परेशानी होने लगी।
कस्बे के बाशिंदों की शिकायत पर डीएम ने इसकी जांच एसडीएम को सौंप दी। एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी हुई कि इस नाले का गंदा पानी नगर पालिका के बड़े नाले में जाता है। लेकिन कुछ लोगों ने निजी भूमि व उससे सटे बड़े नाले पर प्लाटिंग कर ली। इससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। एसडीएम ने बताया कि सोमवार को बैठक बुलाई गई है।