अमरोहा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई सत्र में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। विश्वविद्यालय ने प्रवेश की अंतिम तिथि 16 अगस्त से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। विद्यार्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इग्नू में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और प्रमाण पत्र समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है। आवेदन के दौरान इग्नू एडमिशन समर्थ पोर्टल पर क्षेत्रीय केंद्र नोएडा और अध्ययन केंद्र राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर का चयन करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन करने की अपील की, ताकि तकनीकी समस्या होने पर परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि अध्ययन केंद्र पर बीए, बीकॉम और बीबीए जैसे स्नातक पाठ्यक्रम वार्षिक प्रणाली से संचालित हैं। एमए, एमकॉम और एमएसडब्ल्यू में वार्षिक के साथ सेमेस्टर प्रणाली का विकल्प भी है। इग्नू विद्यार्थियों की दिसंबर और जून में होने वाली परीक्षाएं महाविद्यालय स्थित अध्ययन केंद्र पर ही कराई जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न प्रमाण पत्र, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं, जिससे नौकरी या अन्य कार्यों के साथ उच्च शिक्षा जारी रखने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।