अमरोहा। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। राष्ट्रीय व पंजीकृत दलों के चुनाव निशान तो पहले से निर्धारित हैं, लेकिन निर्दलीयों के लिए आयोग अलग से चुनाव निशान जारी किए जऐंगे। आयोग की वेबसाइट पर इस बार ऐसे करीब 190 चुनाव निशान हैं जो नामांकन करने वाले प्रत्याशियों को आवंटित होंगे।
आयोग ने आधुनिकता के साथ विरासत को भी चुनाव निशानों के जरिए सहेजा है। कुछ ऐसे चुनाव निशान भी शामिल किए हैं जो विलुप्त होने की कगार पर हैं। इनमें हाथ से चलायी जाने वाली चक्की, टाइपराइटर, खटिया (चारपाई), कुआं सहित तमाम चीजें शामिल हैं। इतना ही नहीं कोई टेंपू से चुनावी मैदान में दौड़ेगा तो कोई लोकसभा क्षेत्र के मतदान में बल्लेबाजी करेगा। एयरकंडीशनर, लैपटाप, कम्प्यूटर, माउस, कैलकुलेटर, सीसीटीवी कैमरा, ड्रिल मशीन, वैक्यूम क्लीनर, पेन ड्राइव, ब्रेड टोस्टर, पेट्रोल पम्प तथा रिमोट सहित तमाम नए जमाने की चीजें भी चुनाव चिह्न में शामिल हैं। वहीं फलों व सब्जियों को भी जगह दी गई है। पहली बार सूची में जूता, चप्पल तथा कूड़ेदान को भी शामिल किया गया है।
चुनाव निशान में नहीं मिला बुलडोजर को स्थान
अमरोहा। चुनाव आयोग के निशानों वाली सूची से जेसीबी बुलडोजर गायब है। जबकि इसी तरह के कई मोटर सूची में शामिल हैं। क्रेन, रोड रोलर, आटो रिक्शा तथा ट्रक चुनाव चिह्न के तौर पर सूची में शामिल हैं लेकिन बुलडोजर जेसीबी नहीं है। पिछले कुछ सालों में बुलडोजर को जिस तरह प्रस्तुत किया गया संभवतः इसी वजह से वह चुनाव निशान में नहीं है।
अमरोहा। चुनाव आयोग ने महिलाओं के सिंगार को भी तवज्जो दी है। उनके सिंगार से जुड़ी हुई चीजें को भी चुनाव निशान बनाया गया है। इनमें महिलाओं के कानों की बालियां, हाथों की चूड़ियां, गले का हार तथा लेडीज पर्स को भी शामिल है।
अमरोहा। प्रत्याशियों को सब्जी व फल भी चुनाव चिह्न मिलेंगे। आयोग ने तमाम फलों व सब्जियों को जगह दी है। सेब, फलों की टोकरी, अखरोट, केक, आइसक्रीम, नूडल्स भरा कटोरा, शिमला मिर्च, फूल गोभी, अंगूर, हरी मिर्च, कटहल, भिण्डी, मूंगफली, नाशपाती, मटर तथा तरबूज सहित अन्य कई चीजों को शामिल किया है।