फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: घरेलू विवाद में पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या, पोस्टमार्टम को लेकर अस्पताल में हंगामा

Mon, 29 Jun 2026 01:46 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
रहरा (अमरोहा)। गांव पौरारा में शनिवार देर रात मामूली कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी उर्मिला (60) के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। अचेत अवस्था में घायल महिला को परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की में एक सिपाही की वर्दी भी फट गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पति रामफल सिंह को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
विज्ञापन

सीओ पंकज त्यागी के अनुसार पौरारा गांव निवासी मजदूर रामफल सिंह और उसकी पत्नी उर्मिला के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार रात करीब दस बजे दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में आकर रामफल ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा ले गए लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान मृतका के दो बेटों ने पोस्टमार्टम कराने का विरोध करते हुए शव ले जाने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाया कि हत्या के मामले में पोस्टमार्टम कानूनी रूप से अनिवार्य है और इसके बिना आगे की कार्रवाई संभव नहीं है लेकिन परिजन अपनी जिद पर अड़े रहे। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
विज्ञापन

इस दौरान एक सिपाही की वर्दी फट गई। काफी देर तक पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास करती रही। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका उर्मिला का मायका बदायूं जनपद के थाना सहसवान क्षेत्र के गांव मचोना की मढैयां का है। उर्मिला के तीन बेटे और चार बेटियां है। सभी शादीशुदा हैं। मामले में उर्मिला के भाई महावीर तहरीर पर आरोपी पति रामफल सिंह के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसके गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
-
संवेदनशीलता तार-तार : आधे घंटे तक मां का शव कंधे पर उठाकर पुलिस से उलझे बेटे
पोस्टमार्टम नहीं कराने की जिद, अस्पताल परिसर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
रहरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा में शनिवार रात का घटनाक्रम लोगों को झकझोर देने वाला रहा। अस्पताल के भीतर एक ओर मां का शव रखा था, वहीं दूसरी ओर उसके बेटे पोस्टमार्टम का विरोध करते हुए शव को अपने साथ ले जाने की कोशिश करते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बेटे ने अपनी मां के शव को कंधे पर उठा लिया और पुलिस से बचते हुए अस्पताल परिसर से बाहर निकलने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक पुलिस और परिजनों के बीच समझाने-बुझाने, बहस और धक्का-मुक्की का दौर चलता रहा। पुलिसकर्मी हत्या के मामले में पोस्टमार्टम की कानूनी अनिवार्यता बताते रहे, जबकि परिजन बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़े रहे। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में अस्पताल परिसर में हंगामा और शव को लेकर खींचतान जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
-
हत्या के मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी।- पंकज त्यागी, सीओ हसनपुर
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें