अमरोहा। कोतवाली क्षेत्र के गांव रझेड़ा में विवाहिता की मौत के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या में दर्ज कर लिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं आरोपी पति पुलिस हिरासत में है।
जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बल्लमपुर निवासी तुलाराम की बेटी रेखा की शादी वर्ष 2013 में हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रझेडा निवासी राहुल के साथ हुई थी। रविवार शाम को 27 वर्षीय रेखा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शव गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में मिला था। मायके वालों ने पहुंचकर दहेज हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति को हिरासत में लिया था। मृतका के भाई सुनील ने पुलिस को बताया कि दहेज के लिए ससुराल वाले बहन को प्रताड़ित करते थे। इसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पति राहुल एवं ओमकार निवासी गांव रझेड़ा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।