रजबपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में मां की डांट से आहत होकर 14 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को सुपुर्दे-खाक करने की तैयारी में जुट गए थे, लेकिन किसी ग्रामीण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम कराने क बाद परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
गांव निवासी एक किसान अपने परिवार के साथ रहता है। मंगलवार शाम किसी बात को लेकर किसान की पत्नी ने अपनी बेटी को डांट दिया था। बताया जा रहा है कि मां की डांट से नाराज किशोरी अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो किशोरी का शव वेंटिलेटर से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने तुरंत शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि देर रात परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ग्रामीण ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही रजबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।