फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: रामडोल शोभायात्रा में उमड़ा सैलाब, गूंजे जयकारे

Mon, 18 Aug 2025 02:23 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
शोभायात्रा से पहले महा आरती में करते डीएम-एसपी व जन प्रतिनि​धि। स्रोत कमेटी
विज्ञापन
अमरोहा।
विज्ञापन

शहर में रविवार को निकाली गई उत्तर भारत की प्रमुख शोभायात्रा रामडोल में आस्था का सैलाब उमड़ा। दूर-दराज से आए कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी तो यात्रा में जयकारे गूंजते रहे। इसके चलते अमरोहा श्याम के रंग में रंगा रहा। हर जुबां पर सिर्फ राधे-राधे सुनाई दे रहा था। हर किसी पर कृष्ण भक्ति छाई हुई थी।
दिल्ली, उत्तराखंड और अमरोहा से आए प्रसिद्ध बैंड बाजों की मधुर धुनों पर बजे भक्ति संगीत से शहर का वातावरण कृष्णमय हो गया। राधा कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्री धार्मिक रामडोल कमेटी की ओर से रविवार को शोभायात्रा निकाली गई। शहर के रियासत वाले मंदिर पर महाआरती के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा कोट चौराहा, शफातोपाता, कटरा गुलाम अली, कोतवाली, बड़ा बाजार, अहमदनगर, तहसील, नौबत खाना होते हुए पनवाड़ी स्थित यादव मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। झांकियां और डोलों का काफिला रहा।
विज्ञापन

डीजे की धुनों पर झूमे युवा
बाल गोपाल के एक से बढ़कर एक सुंदर डोलों के आगे युवा डीजे की धुनों पर झूमकर वातावरण भक्तिमय कर रहे थे। शोभायात्रा में स्थानीय झांकी और डोलों के अलावा, अन्य राज्यों की झांकियां भी शामिल हुईं। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत की संस्कृति और सभ्यता का संगम नजर पड़ रहा था। शोभायात्रा को देखने के लिए शहर के लोग ही नहीं आसपास देहात क्षेत्र के लोग भी आए। जगह-जगह फूलों से स्वागत किया गया। कहीं हलवा तो कहीं पर शीतल पेय का इंतजाम किया गया।
महाआरती में यह रहे मौजूद
शोभायात्रा निकलने से पहले मोहल्ला कोट स्थित रियासत वाले मंदिर में श्रीकृष्ण की महाआरती हुई। सुबह 10 बजे शिक्षक विधायक डॉ. हरी सिंह ढिल्लो, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अमित कुमार आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी, नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन, ब्लॉक प्रमुख गुरेंद्र सिंह, एडीएम एफआर गरिमा सिंह, एसडीएम सदर शशिभूषण पाठक, सीओ सिटी शक्ति सिंह ने राधा-कृष्ण की पूजा की। इसके बाद शोभायात्रा के डोले निकलने शुरू हुए। आरती के समय कमेटी अध्यक्ष कपिल शर्मा, अजय चतुर्वेदी, कुंवर विनीत अग्रवाल, विमल यादव, विशाल गोयल, अजय प्रकाश अग्रवाल, विवेक शर्मा, अमित रस्तोगी, पंडित मनु शर्मा, कपिल वर्मा, नीलकमल यादव, पंकज जिंदल, मनोज अग्रवाल, सुभाष शर्मा, सचिन त्रिवेदी, राज शर्मा, रिशु दीक्षित, वासु दीक्षित, संजय गर्ग, मयंक शर्मा, अंश अग्रवाल, गौरव वर्मा, मोहित शर्मा, मनोज महेश्वरी, नमन जैन आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने खींचा कान्हा का डोला
शोभायात्रा में शामिल कई मंदिरों में डोलों को श्रद्धालु बिना चप्पल पहने खींच रहे थे। उन्होंने शुरुआत से आखिर तक का सफर बिना चप्पलों के ही पूरा किया। जिसमें कइयों के पैरों में कंकड़ चुभने से छाले भी पड़ गए।
पुलिस व्यवस्था रही चौकस
शोभायात्रा में खाकी का कड़ा पहरा रहा। शोभायात्रा मार्ग पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। एसपी-एएसपी भी मौजूद थे। मुख्य चौराहों से ही बाइकों समेत चौपहिया वाहनों को शोभायात्रा मार्ग की ओर नहीं जाने दिया। सीओ सिटी शक्ति सिंह और इंस्पेक्टर पंकज तोमर शोभायात्रा के आगे चलते रहे।
-


बरसाना की लठमार होली ने मन मोहा
शोभायात्रा में विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसमें बरसाना की लठमार होली खेलने आए मथुरा के कलाकारों ने मन मोह लिया। भगवान शिव का अघोरी रूप में नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
महाकाली के अखाड़े ने दिखाएं करतब
काली के महाअखाड़ा में शामिल कलाकारों ने रामडोल शोभायात्रा में करतब दिखाएं। वहीं, शोभायात्रा में दिल्ली, मुरादाबाद और संभल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई रासलीला आकर्षण का केंद्र रही।
महारथ में विराजमान रहे लड्डू गोपाल
भगवान श्रीकृष्ण के प्राचीन सिंहासन पर विराजमान लड्डू गोपाल का डोला भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, भगवान श्रीकृष्ण के राधिका गौरी के साथ पांच रूपों वाली झांकी ने सभी का मन मोह लिया। शोभायात्रा में घनश्याम तेरी बंसी पागल न कर दे, मुरलिया वाले दिल तुझ पर कुर्बान भजन पर श्रद्धालु झूम उठे। अरे द्वार पालो कन्हैया से कह दो...रामडोल शोभायात्रा में कृष्ण और सुदामा की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों ने सजीव अभिनय कर लोगों का मनमोह लिया। अरे द्वार पालो कन्हैया से कह दो, इस भजन पर बेहतरीन प्रस्तुति दी।
श्रीरामायण संकीर्तन मंडल के रथ को श्रद्धालुओं ने नंगे पैर खींचा
रामडोल शोभायात्रा में श्रीरामायण संकीर्तन मंडल के अध्यक्ष चैनसुख गोले, महामंत्री अतुल शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रतुल शर्मा समेत अन्य श्रद्धालुओं ने नंगे पैर रथ को खींचा। यह रथ शोभायात्रा में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
रामडोल कमेटी पदाधिकारियों का हुआ स्वागत
पैगाम-ए-अमन कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने रामडोल शोभायात्रा का स्वागत किया गया। रामडोल कमेटी अध्यक्ष पंडित कपिल शर्मा, अतुल कुमार जैन, अखिल जैन, निखिल जैन, अभय आर्य आदि का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में अध्यक्ष हाजी खुर्शीद अनवर, चेयरमैन मंसूर अहमद एडवोकेट, सैय्यद महबूब हुसैन जैदी, फैज आलम राईनी, कमर नकवी आदि मौजूद रहे। वहीं, लायंस क्लब के अध्यक्ष फिरोज कमाल अब्बासी ने कैंप कार्यालय मोहल्ला कोट में रामडोल शोभा यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने रामडोल कमेटी के अध्यक्ष पंडित कपिल शर्मा समेत पूरी कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। स्वागत करने वालों में क्लब के सेक्रेटरी राजेंद्र सिंह छाबड़ा, अरविंद यादव, राजवीर सिंह यादव, विमल यादव, नीलकमल, राजकुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

रूट डायवर्जन बना जाम का सबब
रामडोल शोभायात्रा के चलते शहर में अलग-अलग स्थानों पर जाम के हालात बने रहे। जाम के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। लकड़ा चौराहा व अतरासी तिराहे से दो पहिया वाहन व चार पहिया वाहनों का डायवर्ट कर दिया गया। रूट डायवर्जन के चलते चार पहिया वाहन रेंग-रेंगकर गुजरे। टीपी नगर चौराहे को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इस मार्ग से दो पहिया वाहन भी नहीं निकल सके। महात्मा ज्योतिबा फुले चौक से भारी वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया। रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें