नौगावां सादात थाना क्षेत्र में रात तीन बजे डिबिया गिरने से ग्रामीण के घर लगी आग की चपेट में आकर भैंस समेत पांच पशु जिंदा जल गए। घर का सामान जल कर नष्ट हो गया। शोर मचाने पर आए ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। ग्रामीण की बेटी की शादी है। जिसके लिए वह पशुओं को बेचने की तैयारी कर रहा था। गांव में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक अशफाक अली खां ने परिवार को ढांढस बंधाया।
थाना क्षेत्र के सैदपुर इम्मा गांव निवासी सैयद करीम के घर डिबिया जल रही थी। पास में ही भैंस, दो जवान कटिया, कटरा और बकरी बंध रही थी। परिवार गहरी नींद में सो रहा था। रात तीन बजे की घटना है। अचानक डिबिया गिरने से घर में आग लग गई। घर में पड़े छप्पर ने आग पकड़ ली। परिजन जागते इससे पहले ही पास में बंध रहे पशुओं को आग ने चपेट में ले लिया।
आंख खुलने पर परिवार ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुन ग्रामीण आए। मगर अंदर बंध रहे पशुओं को नहीं बचाया जा सका। पांचों पशुओं की जल कर मौत हो गई। घर का सारा सामान खाक हो गया। सैयद करीम की बेटी की शादी है।
वह बेटी की शादी के लिए पशुओं को बेचने की तैयारी कर रहा था। ग्रामीण के घर आग लगने की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक अशफाक अली खां सैदपुर इम्मा पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।