रजबपुर(अमरोहा)। एनएच 24 हाईवे पर सिक्स लेन निर्माण को लेकर झनकपुरी में विवाद खड़ा हो गया। हाईवे की जद में आए शिव मंदिर की पैमाइश होने पर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पैमाइश का विरोध किया। मंदिर नहीं तोड़ने देने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही धनौरा एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा और मंदिर बनवाने की हामी भरी। फिलहाल ग्रामीणों में गुस्सा बरकरार है। ग्रामीण दूसरी जगह हूबहू मंदिर बनाने की मांग कर रहे हैं।
दिल्ली से लखनऊ तक एनएच 24 हाईवे पहले फोर लेन था। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) इस हाईवे पर सिक्स लेन कर रहा है। जिले में गजरौला की तरफ से मुरादाबाद की दिशा के लिए निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है। सिक्स लेन कार्य रजबपुर में झनपुरी तक पहुंच गया है। यहां काम लगभग पूरा हो गया। इसलिए विभागीय कर्मचारी सोमवार की शाम झनकपुरी में हाईवे बनाने के लिए जमीन की पैमाइश कर रहे थे। हाईवे पर पैमाइश की जद में झनकपुर का शिव मंदिर में आ गया। लिहाजा कर्मचारियों ने शिव मंदिर को हटाने की बात कही। फिर क्या था, ग्रामीणों को गुस्सा भड़क गया। महंत भगवान दास ने एनएचएआई ने हूबहू वैसा ही मंदिर दूसरे स्थान पर बनवाने की मांग की। जबरन मंदिर हटाने पर ग्रामीणों ने हाईवे निर्माण बाधित करने की चेतावनी दी है। सूचना मिलते ही धनौरा एसडीएम आईएएस शशांक चौधरी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों ने वार्ता की। इसके बाद ग्रामीण और अधिकारियों के बीच सहमती बनने की बात कही जा रही है। इस दौरान ओमवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, शिवराम सिंह, ओमपाल सिंह, उदयवीर सिंह, महावीर सिंह, प्रभू सिंह आदि मौजूद रहे।
हाईवे को फोरलेन से सिक्स लेन किया जा रहा है। सिक्स लेन के हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। झनकपुरी में स्थित मंदिर हाईवे की जद में आ रहा है। ग्रामीणों में आक्रोश की सूचना पर मैं वहां गया था। ग्रामीणों से वार्ता की। मंदिर को पीछे हटाकर शिफ्ट कराने की बात पर सहमति बन गई है।
- शशांक चौधरी, आईएएस, एसडीएम धनौरा