डिडौली कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के तीन बजे तेज रफ्तार सोहराब गेट डिपो रोडवेज बस खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में ट्रक हेल्पर की मौके पर मौत हो गई। वह साइड में ट्रक खड़ा कर टायर चेक कर रहा था। बस में सवार डेढ़ दर्जन सवारियां घायल हो गईं। टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
सूचना के बाद डिडौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों और हेल्पर के शव को बाहर निकाला। घायलों को जोया सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हेल्पर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गाजियाबाद जनपद के मंसूरी गांव निवासी असलम का बेटा मुकर्रम अली (25) गांव के ही रहीसू के ट्रक पर हेल्पर था। गांव का ही सलीम ट्रक का चालक है। रविवार रात चालक सलीम और हेल्पर मुकर्रम उत्तराखंड के रुद्रपुर से ट्रक में रोड़ी भर कर नोएडा के लिए चले थे। करीब तीन बजे नीलीखेड़ी के सामने पहुंचे तो सलीम ने ट्रक साइड में खड़ा कर दिया।
हेल्पर नीचे उतर कर टायर को चेक कर रहा था। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से मेरठ जा रही सोहराबगेट डिपो की रोडवेज बस आ गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस पीछे से ट्रक में घुस गई। इससे टायर चेक कर रहे हेल्पर मुकर्रम की मौके पर मौत हो गई। बस में सवार डेढ़ दर्जन सवारियां घायल हो गईं। घायलों की चीख पुकार सुन ग्रामीण मौके पर दौड़े। सूचना पर डिडौली कोतवाल अजीत रौरिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को पुलिस ने जोया सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृत मुकर्रम के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बस के चालक और परिचालक फरार हैं। क्रेन बुलाकर पुलिस ने रोड से बस और ट्रक हटवाए। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मुकर्रम की मौत की खबर सुन बदहवास हुए परिजन पोस्टमार्टम पर पहुुंचे। जवान बेटे की मौत से परिजनों व संबंधियों का रो रोकर बुरा हाल था।