अमरोहा। मंगलवार देर शाम फिर मौसम ने करवट बदल ली। शाम के समय हुई बारिश से एक ओर जहां मौसम सुहावना हो गया तो शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। कुछ ही देर में इनवर्टर जबाव दे गए। इसके बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह में बादल छाए रहे तो दोपहर में धूप खिलने से गर्मी का एहसास हुआ। उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया लेकिन शाम को सात बजे के बाद आसमान में काले काले बादल छा गए। बारिश और बीच बीच में बूंदाबांदी से शहर का मुख्य बाजार, कोट, आजाद रोड, बिजनौर रोड, कैलसा बाईपास, जामा मस्जिद, सहित निचले इलाकों में पानी सड़कों पर भर गया। सड़कें तालाब और नदी जैसी बनी नजर आईं। बाजार बटवाल की सड़क कुछ मिनट में तालाब जैसे नजर आने लगी।
व्यापारियों को अपनी दुकानें बंद कर घर जाना पड़ा। तमाम स्थानों पर कार और बाइकों के पहिया पानी में डूबे नजर आए। बाइक की साइलेंसर में पानी घुसने से भी लोग परेशान दिखे। वहीं, बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया। चिपचिपी और उमस भरी गर्मी से लोगों ने राहत महसूस की। रातभर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा। उधर, बारिश के चलते थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली आती-जाती रही।