स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात शेरपुर रोड पर स्थित एक अवैध अस्पताल पर छापा मारा। टीम को देखकर अस्पताल संचालक भाग गया। वहीं, कार्रवाई के बाद टीम ने अस्पताल की सील कर दिया। अस्पताल में भर्ती एक महिला को जिला अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि कुछ दिन पहले डीएम को शिकायत मिली थी कि शेरपुर रोड पर अवैध अस्पताल संचालित हो रहा है। शुक्रवार रात मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से भेजी गई टीम ने अस्पताल पर छापा मारा। वहीं, टीम को देखकर अस्पताल संचालक भाग गया। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल के बाहर किसी प्रकार का कोई बोर्ड अथवा डॉक्टर की डिग्री नहीं थी। अस्पताल में एक महिला भर्ती थी, जिसकी ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी कराई गई थी।
महिला को जिला अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है, जबकि मौके पर मिले कर्मचारियों को बाहर निकाल कर अस्पताल को सील कर दिया गया है। डॉ. सतीश ने बताया कि डीएम के निर्देश पर नगर व ग्रामीण क्षेत्र में संचालित अवैध अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।