सीएचसी में प्रसव के दौरान मृत बच्चा पैदा हुआ। आरोप है कि इसके बाद भी स्टाफ नर्स ने दावत के नाम पर 2100 रुपये ले लिए। इससे आक्रोशित परिजन हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। पीड़ित परिवार ने स्टाफ नर्स के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव सोहरका निवासी खूबचंद ने बृहस्पतिवार शाम पत्नी रानी को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया था, जहां पर नॉर्मल डिलीवरी से एक बैटा हुआ, जिसमें सांस नहीं थी। उसे निजी अस्पताल में भी दिखाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने खूबचंद से दावत के नाम पर 2100 रुपये मांगे। कई बार मांगने पर उसने रुपये दे दिए। इसके बाद खूबचंद ने रात में बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शुक्रवार सुबह को खूबचंद ने स्टाफ नर्स द्वारा दावत के नाम पर लिए गए रुपयों को वापस कराने को कहा और हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा शांत कराया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। सीएचसी के प्रभारी डाक्टर ध्रवेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत सीएमओ से की गई है।