हाशमी गर्ल्स डिग्री कालेज की एमएससी गृहविज्ञान की छात्रा पारुल यादव ने एमएससी गृहविज्ञान में 77.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विश्वविद्यालय टॉप कर जनपद का नाम रोशन किया है। पारुल यादव को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
तहसील नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव मखदूमपुर निवासी पारुल यादव ने हाशमी गर्ल्स डिग्री कालेज में एमएससी गृहविज्ञान की परीक्षा में 77.2 प्रतिशत सर्वोच्च अंक हासिल कर विश्वविद्यालय टॉप किया। बुधवार को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में हाशमी एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी ने पारुल को बधाई देते कहा कि बालिकाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। अगर दिल में कुछ करने का जज्बा होता तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती। डॉ हाशमी ने बताया कि महाविद्यालय लगातार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है तथा उनका मकसद बालिकाओं को शिक्षित करने के साथ साथ उन्हें आत्म निर्भर बनाना है। दिन भर छात्रा को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा जबकि महाविद्यालय में भी जश्न का माहौल रहा। इस दौरान प्राचार्या डॉ रिजवाना कुलसुम समेत शिक्षक स्टाफ ने छात्रा की इस उपलब्धि पर बधाई दी।