डिडौली पुलिस ने तस्करी के लिए गोरखपुर जा रही हरियाणा मार्का अवैध शराब की 420 पेटियां पकड़ लीं। पुलिस ने मौके पर सोनीपत के चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। शराब की कीमत 10 लाख से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने चार तस्करों के खिलाफ धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
एसपी पूनम ने बताया कि मंगलवार की रात डिडौली एसएसआई देवेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, कांस्टेबल रोहित, शिवांक यादव, रवीश कुमार और रणवीर सिंह गश्त पर थे। तभी उन्होंने मुखबिर की सूचना पर एक कैंटर को रोका। जांच पड़ताल के दौरान कैंटर की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई।
तलाशी के दौरान कैंटर से हरियाणा मार्का शराब की 420 पेटी बरामद हुईं। मौके पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम संदीप कुमार निवासी मुकीमपुर थाना राई जिला सोनीपत हरियाणा व अनूप निवासी सरंगथल थाना गुहाना जिला सोनीपत हरियाणा बताया। पूछताछ में सामने आया कि गाड़ी का मालिक अलीशेर सैफी निवासी मकान नंबर 58 गली नंबर दो गांव सिरसामी सोनीपत और शराब मालिक दीपक निवासी गढ़ी सोनीपत ने ही शराब गोरखपुर पहुंचाने के लिए कहा था।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। एसपी के मुताबिक पकड़े गए संदीप और अनूप को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। जबकि मुख्य दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।