अमरोहा। हज के लिए अरकान की अदायगी आठ अगस्त की रात से शुरू हो जाएगी। इसके लिए सऊदी अरब के मक्का में तैयारियां आखिरी दौर में है। जिले से जाने वाले लोग हज के लिए मानसिक तौर पर तैयार होने में जुटे हैं। दिल के अरमान पूरा होने है। ऐसे में दिल-दिमाग केवल हज के अरकान ही घूम रहे हैं। भूख और प्यास गायब हो गई है। अब केवल मिना की रवानगी का इंतजार है।
इस्लामिक कैलेंडर के जिलहिज की सोमवार को तीसरी तारीख रही जबकि सऊदी अरब में चार तारीख। जिले से 800 से अधिक लोग हज के लिए गए हैं। इसमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। हज पर जाने वाले लोग मक्का और आसपास के होटल में ठहरे हैं। खाना काबा के अलावा आसपास की मस्जिदों में नमाज की अदायगी कर रहे हैं। शहर के काजीजादा मोहल्ले के मजाहिर हुसैन और उनकी बीवी, दीपपुर के मुशर्रफ हुसैन और उनकी बीवी आसमा खातून भी हजयात्रा पर गए हैं। मजाहिर हुसैन और मुशर्रफ हुसैन ने बताया कि उनके दिल के अरमान पूरे होने वाले हैं। हज के लिए दिन करीब आ गए हैं। बस दिल में यही दुआ है अल्लाह मेरे हज को कुबूल कर लें। अल्लाह हर मोमीन खाना-ए-काबा की जियारत नसीब फरमाए। यहां के मंजर को बयां नहीं कर सकते हैं। हज के अरकान को पूरा करने के लिए पूरी तरह जुटे हैं। इबादत में मशगूल ऐसे कि भूख और प्यास बिल्कुल गायब हो गई है। अब सिर्फ मक्का से मिना की रवानगी का इंतजार है।