अमरोहा। घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार जुट चुके थे और शुक्रवार को एक ही परिवार के दो सगे भाइयों का अलग-अलग परिवारों में निकाह होना था। निकाह से करीब 24 घंटे पहले बड़े भाई के प्रेमिका के साथ घर से फरार होने से खुशियां अचानक फीकी पड़ गईं। जिस घर में उसकी बरात पहुंचनी थी, वहां भी तैयारियां धरी रह गईं। हालांकि, परिवार ने छोटे भाई का निकाह तय कार्यक्रम के मुताबिक करा दिया। मामला शहर के एक मोहल्ले का है और इसे लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है।
बताया जाता है कि दोनों भाइयों का करीब तीन साल पहले अलग-अलग परिवारों में रिश्ता तय हुआ था और शुक्रवार को निकाह की तारीख निर्धारित थी। परिवार में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों के आने से खुशी का माहौल था। इसी बीच बृहस्पतिवार रात बड़े भाई के अचानक घर से गायब होने से अफरा-तफरी मच गई।
चर्चा है कि युवक मोहल्ले में रहने वाली अपनी प्रेमिका के साथ चला गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों ने भी दोनों को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बड़े भाई के इस कदम से दोनों परिवारों की शादी की तैयारियां प्रभावित हुईं। हालांकि, छोटे भाई का निकाह शुक्रवार को तय कार्यक्रम के अनुसार करा दिया गया। युवक और उसकी प्रेमिका कहां हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।