अमरोहा-काफूरपुर मार्ग पर परचून की दुकान में आग लगने के बाद जला पड़ा सामान।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। काफूरपुर मार्ग स्थित परचून की थोक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। अग्निकांड में 25 हजार रुपये की नकदी और मैंथा आयल सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह हो सकी। लोगों की भीड़ ने पानी की बौछार कर सुलगती आग पर काबू पाया।
यह घटना रजबपुर थानाक्षेत्र अमरोहा-काफूरपुर मार्ग की है। यहां पर पीरगढ़ निवासी सतेंद्र कुमार का परिवार रहता है। सतेंद्र कुमार सर्विस स्टेशन और परचून की थोक दुकान चलाते हैं। दुकान नीचे हैं, जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार रहता है। दुकान से ही सटा गोदाम भी है। इन दिनों उनके बेटे की तबियत खराब चल रही है। लिहाजा वह गुरुवार को बेटे को लेकर अस्पताल गए थे। शाम को उनके साले अमित कुमार ने दुकान बंद की थी। गुरुवार रात करीब बारह बजे सतेंद्र कुमार बेटे को अस्पताल से लेकर घर पहुंचे थे। इसके बाद सभी लोग दूसरी मंजिल पर जाकर सो गए। इसके बाद किसी समय दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से दुकान और गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया। तड़के में धुआं और प्लास्टिक जलने की गंध उठने कारण परिवारजनों की आंख खुल गईं। नीचे आकर देखा तो गोदाम और दुकान में आग सुलग रही थी। दुकान का शटर खोल कर देखा तो हालात खराब थे।
सतेंद्र ने मामले की जानकारी दमकल विभाग को दी। इसके अलावा अपने सर्विस स्टेशन के पाइप से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। पीड़ित सतेंद्र कुमार ने बताया कि अग्निकांड में दुकान में रखी 25 हजार रुपये की नकदी, पांच क्ंिवटल मैंथा आयल, सिरके के 14 हजार डिब्बे, परचून का सामान, सात हजार प्लास्टिक के डिब्बे और अन्य सामान सहित 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया है। बड़ी तादाद में नुकसान होने के कारण परिवार के लोगों में गम का माहौल है।