अमरोहा। पाॅलिसी कराने का झांसा देकर मुरादाबाद की फाइनेंस कंपनी के एजेंट ने सवा दो लाख रुपये हड़प लिए। हकीकत पता चलने पर पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। मामले में एजेंट और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के सलारपुर खालसा में नसीम खान का परिवार रहता है। उनकी भाभी रुशदा खानम ने अमरोहा नगर के मोहल्ला मजापोता निवासी इरफान हैदर से बीमा पॉलिसी कराईं थीं। इरफान हैदर फाइनेंस कंपनी मुरादाबाद में एजेंट है। आरोप है कि इरफान हैदर ने रुशदा खानम तीसरी पॉलिसी कराने के लिए 2.25 लाख रुपये अपनी पत्नी तूबा फात्मा के खाते में डलवाए थे। उनकी पहली दो पालिसी चल रही थीं, लेकिन तीसरी पालिसी कराने के कुछ दिन बाद ही रुशदा खानम की मौत प्रसव के दौरान हो गई। इसके बाद नसीम खान ने बीमा कंपनी जाकर पता किया तो हकीकत का पता चला। सामने आया कि बीमा की तीसरी पालिसी कराई ही नहीं गई है। पॉलिसी का मालिक ही बदला हुआ है। इसलिए पीड़ित परिवार को एक पॉलिसी का क्लेम ही मिलेगा। हकीकत पता चलने पर नसीम खान और उनके परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने एजेंट इरफान हैदर से बात की तो उसने धोखाधड़ी करने की बात कबूल कर ली। कहा कि उसपर बहुत कर्जा था, इसलिए उसने झूठ बोलकर 2.23 लाख रुपये लिए थे और जल्द ही वापस कर देगा। नसीम खान का आरोप है कि लगातार तकाजा करने के बाद भी इरफान हैदर ने रुपये वापस नहीं किए। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में इरफान हैदर और उसकी पत्नी तूबा फात्मा के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में कायनात करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।