अमरोहा। फेसबुक पर ट्रेडिंग के जरिये मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने डिडौली थाना क्षेत्र के एक गांव सरकारी कर्मचारी से 10.49 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर रकम वापस दिलाने की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करीब 20 खाते फ्रीज किए हैं।
डिडौली के एक गांव निवासी सरकारी कर्मचारी ने बताया कि फेसबुक पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया था। उसने ट्रेडिंग की स्कीम बताकर निवेश करने पर मुनाफा होने का लालच दिया। उसकी बातों पर भरोसा करके कर्मचारी ने अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कर दी। आरोप है कि व्यक्ति ने उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए कुल 10,49,130 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। ठगी की रकम में उनके अपने खाते से 9.26 लाख रुपये और परिचित के खाते से 123123 रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह दोनों खातों से लाखों रुपये निकलने के बाद उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर साइबर टीम कार्रवाई कर रही है। इससे जुड़े करीब 20 खातों को फ्रीज कराया गया है।