अमरोहा। गांवों में तैनात सफाई कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। वेतन वृद्धि बाधित, एरियर और एसीपी के लंबित प्रकरण के निस्तारण की कवायद शुरू हो गई है। पहले चरण में 270 सफाई कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ मिल सकता है। इसके चलते प्रत्येक सफाई कर्मचारी को अगस्त में वेतन के साथ औसतन 12 हजार और मिलेंगे। सीडीओ ने सफाई कर्मचारियों से प्रार्थना पत्र देने को कहा है।
जिले के छह ब्लॉक के 597 ग्राम पंचायतों में कुल 1,086 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। चार से पांच साल पहले सफाई कर्मचारियों का वार्षिक वेतन वृद्धि बाधित है। दरअसल संबंधित ग्राम पंचायत में कमिया मिलने पर वेतन वृद्धि बाधित कर दी गई। डीपीआरओ द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसके चलते कर्मचारियों को नुकसान हो रहा है। सफाई कर्मचारियों ने सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल को अवगत कराया और कहा कि 465 सफाई कर्मचारियों का वेतन बाधित है जबकि 360 सफाई कर्मचारी एसीपी के लाभ से वंचित हैं। इसके बाद उन्होंने पड़ताल की, मामला सही निकला। सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ दिलाया जाना है। चार से पांच साल की अवधि में 270 सफाई कर्मचारियों को वेतन वृद्धि नहीं मिल रही है। इसके लिए सफाई कर्मचारी प्रथम तल स्थित कार्यालय में प्रार्थना पत्र दें ताकि उस पर निर्णय लिया जा सके।