अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के संस्थापक सर सैय्यद अहमद खां की जयंती पर एएमयू एलुमनाई (भूतपूर्व छात्र) एसोसिएशन अमरोहा के संयोजन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि आईएएस डॉ. जाने आलम (मुख्य सचिव नागालैंड) ने कहा कि समाज का विकास तभी संभव है, जब सभी लोग शिक्षित हों।
बिजनौर रोड स्थित एक बैंक्वेट हाॅल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां वक्ताओं ने सर सैय्यद अहमद खां की जिंदगी, उनके कार्यों और आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के योगदान के बारे में बताया। आईएएस डॉ. जाने आलम ने कहा कि देश की उन्नति के लिए हमें अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए बेहतर संस्थानों में भेजना चाहिए। शिक्षा के बिना समाज का विकास बहुत मुश्किल है। कहा, सर सैयद अहमद खान ने समाज के लिए विश्वविद्यालय खोलकर सोए हुए समाज को जगाने का कार्य किया। हम सबको भी अपने समाज की तरक्की के लिए शिक्षा पर जोर देना चाहिए।
यही सर सैय्यद अहमद खां को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। फिरोज कमाल अब्बासी ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी सर सैयद अहमद खान के सपनों को साकार करने वाली यूनिवर्सिटी है। इस दौरान तहसीलदार सदर हेमंत कुमार, असकरी रजा एडवोकेट, एसोसिएशन के अध्यक्ष आदिल अब्बासी, डॉ. अमीनुल हक, अली मोहतशिम रजा एडवोकेट, सचिव खुर्रम हसन रिजवी, शुजा अमरोहवी, हारिस अब्बासी एडवोकेट मौजूद रहे।