गजरौला क्षेत्र के गांव ढाकोवाली में बुधवार दोपहर पेड़ पर चढ़ते समय पैर फिसलने से बालिका नीचे आ गिरी। यहां नीचे पड़ा लकड़ी का नुकीला टुकड़ा बालिका के पेट में घुस गया।
जानकारी पर परिजन आनन-फानन में उसे शहर के निजी नर्सिंग होम लेकर गए। जहां चिकित्सक ने बालिका को मेरठ भेज दिया। गांव ढाकोवाली निवासी दिनेश कुमार की बेटी हिमांशी (10) बुधवार दोपहर के समय गांव में ही बच्चों के साथ खेल रही थी। इस दरम्यान पास के पेड़ पर चढ़ने लगी। पेढ़ चढ़ते समय हिमांशी का पैर फिसल गया और वह पेड़ से नीचे आ गिरी।
जमीन पर पड़ी नुकीली लकड़ी का टुकड़ा हिमांशी के पेट में बायीं ओर घुस गया। शोर मचने पर परिजन भी पहुंच गए। इधर, घायल को देखने के लिए भीड़ लग गई। कोई भी पेट में घुसा लकड़ी का टुकड़ा निकालने का साहस नहीं कर सका।
इस पर परिजन हिमांशी को शहर के निजी नर्सिंग होम ले गए। जहां चिकित्सक ने देखते ही मेरठ ले जाने की सलाह देकर भेज दिया। हालत गंभीर है।