अमरोहा। गाजियाबाद में साथियाें के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा की गई मारपीट के मामले में वकीलों का विरोध लगातार जारी है। बुधवार को तीसरे दिन भी जिला न्यायालय व तहसील में वकीलों ने हड़ताल जारी रखते हुए प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहकर गाजियाबाद बार का समर्थन करते रहेंगे।
बुधवार को जिला न्यायालय परिसर में बार एसोसिएशन की आम सभा बार रूम में हुई। अध्यक्ष संजय कुमार शर्मा एडवोकेट व महासचिव नरेन्द्र सिंह पोसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि 29 अक्तूबर को गाजियाबाद न्यायालय में अधिवक्ताओं पर हुई लाठी चार्ज पूरी तरह गलत है। अधिवक्ता इसकी कड़ी निंदा करते हैं। बार एसोसिएशन गाजियाबाद को पूर्ण समर्थन देने का प्रस्ताव रखा गया। जिसमें कहा गया कि जब तक बार एसोसिएशन गाजियाबाद कोई निर्णय नहीं लेती है तब तक हड़ताल जारी रहेगी। मांग की कि आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
अध्यक्ष ने बताया कि बृहस्पतिवार यानी आज स्थानीय अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल गाजियाबाद जाएगा। प्रस्ताव के समर्थन में शैलेन्द्र कुमार शर्मा, अशोक कपूर, धर्मपाल सिंह, सलीम खान, चैनसुख गोले, गुलवारी, अमन कुमार त्यागी, परवेज सिद्दीकी, कपिल कुमार चिकारा, तसलीम, पुलकित शर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, अधिवक्ता कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनोज कुमार यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर गाजियाबाद बार का पूर्ण समर्थन करते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहे। कहा कि घटना की जांच सक्षम कमेटी द्वारा करा कर दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। मोहम्मद अरशद, भूपेन्द्र सिंह आर्य, हुक्म सिंह चौहान, सतवीर सिंह चौहान, राजेश कुमार राणा आदि मौजूद रहे। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद भटनागर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर न्यायिक कार्य से विरत रहे। महफूज अली सिद्दीकी, अनिल धारवान, सीमा सक्सेना, अली वाइज, सतेंद्र सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
-