ब्रजघाट में पितृपक्ष अमावस्या पर गंगा में स्नान को उमड़े श्रद्धालु।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला(अमरोहा)। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लगाई रोक के बावजूद पितृ अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट पहुंच कर गंगा में स्नान किया। गंगा में स्नान के लिए श्रद्धालु बुधवार की रात 12 बजे से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। दूरदराज और कई राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने रात में ही स्नान, तर्पण और पिंडदान किया। यह सिलसिला गुरुवार की शाम तक चला। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग का जरा भी पालन नहीं किया। इतना ही नहीं अधिकांश लोगों ने मुंह पर मास्क भी नहीं लगाए थे। ब्रजघाट में गंगा आरती मंदिर के पुजारी मनोज तिवारी के मुताबिक दो लाख से अधिक लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई।
बृहस्पतिवार को पितृपक्ष की अमावस्या पर ब्रजघाट में भारी भीड़ रही। ब्रजघाट में दिल्ली, एनसीआर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा आदि के साथ ही हरियाणा और राजस्थान से श्रद्धालु आते हैं। हालांकि कोरोना काल को देखते हुए हापुड़ और अमरोहा जनपदों के जिला पुलिस-प्रशासन ने वहां स्नान नहीं होने देने की प्लानिंग तैयार की थी लेकिन बुधवार की रात साढ़े 11 बजे के बाद उमड़ी भीड़ के आगे सारी व्यवस्थाएं धड़ाम हो गईं। रात बारह बजे से ही गंगा में स्नान आरंभ हो गया था। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का पालन भी नहीं किया गया। अधिकांश श्रद्धालुओं ने मुंह पर मास्क भी नहीं लगाया हुआ था। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर अपने पितरों का तर्पण भी किया। साथ ही घाट पर मौजूद पंडित-पुरोहितों से संस्कार भी कराए। हालांकि, ब्रजघाट में भारी तादाद में पुलिस तैनात रही लेकिन आस्था के सैलाब को देख खाकी भी मूकदर्शक बनी रही।