अमरोहा। तिगरी धाम मेले में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। मेले में एक अस्थायी अस्पताल तैयार किया जाएगा, जिसमें 24 घंटे इमरजेंसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही मेला परिसर और विभिन्न मार्गों पर सात एंबुलेंस तैनात की जाएगी। इसके अतिरिक्त दो एएलएस एंबुलेंस मेला पीएचसी पर रहेगी। एंबुलेंस में 24 घंटे एक डॉक्टर और एलटी तैनात रहेंगे। दावा है कि यहां हर सुविधा मिलेगी। इमरजेंसी के लिए सीएचसी गजरौला को मुख्य सेंटर बनाया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर ऐतिहासिक तिगरी धाम मेले सात नवंबर से शुरू हो रहा है। इस दिन गंगा मैया का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। पूजन में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। मेले में करीब 15 से 20 लाख श्रद्धालु स्नान कर पुण्य कमाते हैं। जिला पंचायत ने मेले की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। गंगा की रेती में तंबुओं का शहर बसने लगा है। ठंडी का मौसम है लिहाजा सेहत महकमा भी श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। मेले में चार बैड का अस्थायी अस्पताल तैयार किया गया है। 24 घंटे एमरजेंसी सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में दो शिफ्टों में तैनात किए गए हैं। 24 घंटे पर्याप्त दवाओं के साथ मेले में रहेंगे। इमरजेंसी केस को गजरौला रेफर किया जाएगा। यहां अस्पताल में 30 बैड, एंबुलेंस, इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी। सीएमओ डॉ. रमेश चंद ने बताया कि मेला के अस्थायी अस्पताल में स्टाफ से 24 घंटे सतर्कता बनाए रखने को कहा है। जिला कोऑर्डिनेटर ईएमटीएफ दीपक सिंह ने बताया कि मेले में सात एंबुलेंस लगाई हैं। इसमें दो एंबुलेंस मेला, एक चौपला चौराहा, कांकाठेर मोड़, मेला बैरियर, ब्रजघाट पुलिस चौकी, कुमराला चौकी पर लगाई जाएंगी।