गजरौला (अमरोहा)। गंगाधाम तिगरी में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने जा रहे मेला स्थल पर गंगा के तेजी से कटान करने और सदर घाट पर अधिक गहराई होने के कारण स्नान घाट बनने की समस्या अब दूर होती नजर आ रही है। जिला पंचायत ने सेक्टर 10 एवं 11 में बड़े स्नान घाट चिह्नित कर वहां जेसीबी लगवाकर कार्य शुरू करा दिया है।
शुक्रवार की शाम जिम्मेदार अधिकारियों ने गंगाधाम तिगरी में मेला स्थल के निरीक्षण को जा पहुंचे। सदर घाट से आगे सेक्टर नौ, 10 एवं 11 में पैदल भ्रमण के दौरान उन्होंने सेक्टर 10 एवं 11 में काफी बड़े क्षेत्रफल में गंगा का किनारा देखा। यहां काफी दूर तक गहराई भी नहीं है। इस पर उन्होंने जिला पंचायत के ठेकेदार को तत्काल निर्देश दिए की वहां जेसीबी मशीन लगवाकर घाटों का निर्माण शुरू करा दे। इसके बाद वहां भूमि का समतलीकरण और घाटों का काम शुरू करा दिया गया। भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गजरौला से तिगरी मार्ग पर सड़क के दोनों ओर खड़े काफी ऊंचे सूख चुके पेड़ हादसे का सबब बने हुए हैं। उन्हें काटने के लिए उन्होंने डीएम उमेश मिश्र से अनुरोध किया था। इस पर डीएम ने सेंचुरी क्षेत्र होने के बावजूद जनहित को देखते हुए सूखे पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी है।
मेले में आने लगीं दुकानें
गजरौला। गंगाधाम तिगरी में लगने वाले मेले में रौनक तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को यहां चाय, कन्फेक्शनरी, प्रसाद, फास्ट फूड आदि के साथ ही सब्जी की दुकानें भी लग गईं। मेला स्थल पर आने वाले दुकानदार अपनी-अपनी जगहों पर शामियाने आदि गाड़ने में लगे हुए हैं। दुकानों को लेकर यहां काफी मारामारी मची हुई है।
ठेकेदार को दी मारने की धमकी
गजरौला। मेले में दुकानों के ठेकेदार हापुड़ निवासी टीटू तोमर निवासी मोहल्ला कानौर हापुड़ को गजरौला के एक युवक ने जान से मारने की धमकी दी है। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एसपी से करने की बात कही है। ठेकेदार ने बताया कि वह अपने साथी के साथ गजरौला में चौपला चौराहे पर खड़े हुए थे। इसी दौरान वहां आए एक युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
फायर ब्रिगेड के लिए कैंपस तैयार
गजरौला। गंगाधाम तिगरी में लगने वाले मेले के लिए जहां मेला कोतवाली का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। वहीं मेला स्थल पर सदर गेट के निकट फायर ब्रिगेड का कैंपस भी तैयार हो गया है। तीन दिन पूर्व ही वहां दमकल कर्मियों ने डेरा डाल लिया था और वे अपनी निगरानी में कैंपस का कार्य पूरा कराने में लगे हुए थे। शीघ्र ही फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ियां भी आ जाएंगी।
विभिन्न संगठनों ने घेर ली शिविर की जगह
गजरौला। गंगाधाम तिगरी में हमेशा की तरह इस बार भी विभिन्न संगठन एवं समाज के लोग अपने शिविर लगाएंगे। फिलहाल मेला स्थल पर जगह के चिह्नीकरण का काम तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को जिला जाटव महासभा, यादव विका समिति, मैढ़ राजपूत सभा, सिख सभा आदि ने अपने-अपने शिविरों के लिए स्थान ढूंढकर वहां रस्सियां बांध दीं।