गंगा दशहरा पर्व की पूर्व संध्या पर ही ब्रजघाट गंगा पीठ हर-हर गंगे के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और दीप दान कर पूजा-अर्चना की। मां गंगे की महाआरती में शाम सात बजे श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।
सोमवार शाम से ही ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर गंगा तट पर जाने वाले श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन, नगरपालिका और गंगा समिति इंतजाम पूरे करने में जुटी रही।
गंगा दशहरा का पर्व मंगलवार को हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर शाम से ही भक्तों की टोलियों ने गंगा तट का रुख कर लिया था। कोई समूह ट्रैक्टर ट्राली में कोई दूसरे वाहनों से गंगा तट की तरफ जा रहा था।
देर शाम तक काफी तादात में श्रद्धालु पहुंच गए थे। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ गंगा में डुबकी लगाई। दीप दान कर मां गंगे को नमन किया। मुख्य गंगा प्लेटफार्म स्नानार्थियों से खचाखच भरा नजर आया। शाम सात बजे महाआरती में श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।