गजरौला में घर में सो रही पड़ोसी की बेटी के साथ युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। भाई और परिवार की महिलाओं को लेकर पीड़िता के घर चढ़ाई कर दी। सामान में तोड़फोड़ की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी उसकी पत्नी, भाई और परिवार की दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपनी दो जवान बेटियों और बेटाें के साथ गांव में रहती है। उसका आरोप है कि गांव का युवक उसकी छोटी बेटी पर बुरी नीयत रखता है। 24 फरवरी की रात नौ बजे उसकी दोनों बेटियां अलग-अलग कमरे में सो रही थीं।
इस बीच युवक घर में घुस आया। उसने बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। उसके कान पर तमंचा लगाकर धमकाया कि शोर मचाया तो जान से मार दूंगा। बेटी द्वारा शोर मचाने पर उसकी बहन,मां और भाई जाग गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की।
उसने धक्का देकर पीड़िता के एक भाई को गिरा दिया और दूसरे के सिर में तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया। थोड़ी देर बाद अपने भाई, पत्नी और परिवार की दो महिलाओं को लेकर आ धमका। आरोप है कि एक आरोपी ने उसकी बेटी के कपड़े फाड़ दिए।
उसके भाई और महिलाओं ने घर में रखे सामान में तोड़ फोड़ की। घटना की तहरीर थाना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। जिस पर न्यायालय की शरण ली।
अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी कौशिक, उसके भाई रवि,पत्नी बीना, परिवार की दो महिलाओं विमला व चंद्रवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।