अमरोहा। गजरौला नगर पालिका में चल रही रार के बीच डीएम की संस्तुति पर शासन ने ईओ दीपिका शुक्ला को हटाते हुए नगर निकाय निदेशालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही एसडीएम धनौरा को ईओ नगर पालिका गजरौला का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
नगर पालिका गजरौला में अध्यक्ष व ईओ के बीच पिछले कई माह से चल रहे विवाद के बीच सभासदों ने भी मानदेय व वेतन भुगतान को लेकर धरना शुरू कर दिया था। मामले को लेकर बृहस्पतिवार को डीएम निधि गुप्ता वत्स ने पालिकाध्यक्ष राजेंद्री देवी व उनके पति पूर्व विधायक हरपाल सिंह और ईओ दीपिका शुक्ला को तलब भी किया था। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद विवाद को पटाक्षेप करने की पहल की थी। दोनाें पक्ष कुछ मुद्दों को लेकर सहमत भी हो गए थे, लेकिन शाम को ईओ की तबीयत खराब हो गई और अगले दिन सभासदों ने गजरौला में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद पालिका की सभी व्यवस्थाएं ठप हो गईं। हस्तक्षेप के बाद भी मामला न निपटने पर डीएम इसे गंभीरता से लेते हुए ईओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा था। जिसके बाद विशेष सचिव उदयभानु त्रिपाठी ने ईओ दीपिका शुक्ला को तत्काल प्रभाव से नगर निकाय निदेशालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही एसडीएम धनौरा को नगर पालिका ईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने ईओ के लखनऊ संबद्ध किए जाने की पुष्टि की है।
-