थाना क्षेत्र रहरा के दौरारा गांव के बस स्टैंड पर फलों की दुकान में आग लग गई। आग लगने से 22 हजार की नगदी सहित दुकान में रखी जूस की बोतल एवं 10 पेटी लगभग फल जलकर राख हो गए।
गांव दौरारा में अशोक फलों की दुकान करता है। दुकान में ही फलों के साथ जूस की बोतल एवं ताजे फलों का जूस भी निकालने का कार्य करता है। बुधवार शाम 8:00 बजे अशोक अपने घर दुकान बंद करके चला गया था। तो गांव की ही एक युवक के द्वारा अशोक को फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। दुकान पर जाकर देखा तो भीषण आग लगी हुई थी। आग लगने की वजह से दुकान का शटर भी खोलना मुश्किल पड़ गया। सुबह दुकान का शटर खोलकर देखा तो दुकान में रखे 22 हजार की नगदी एवं चीकू और केले की पेटियां सहित जूस निकालने की मशीन एवं 30 किलो मूंगफली व दुकान में लगा फर्नीचर जलकर राख हो गया। दुकान में आग लगने से 80 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। उधर, कुछ लोगों का यह भी मानना है कि दुकान में चोरी के बाद आग लगाए जाने की आशंका है।