हसनपुर (अमरोहा)। संभल के बहजोई में हुई वकील की हत्या के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वकीलों की सुरक्षा के लिए सरकार कोई ठोस कदम उठाए। अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए।
विज्ञापन
सोमवार को बार अध्यक्ष गंगासरन खडगवंशी व महासचिव सुरमित कुमार गुप्त के नेतृत्व में तहसील गेट पर वकील इकट्ठा हुए। उन्होंने संभल जिले के बहजोई में युवा वकील सत्यपाल खड़गवंशी की गोली मारकर हत्या की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुनीता सिंह को सौंपा। उन्होंने कहा कि 18 दिसंबर को बहजोई निवासी वकील की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दिलाने की मांग की। इस दौरान धीरेंद्र सिंह, ऋषिपाल चौहान, दिनेश गुप्ता, गजेंद्र सिंह, जयप्रकाश सैनी, रमेश चंद, अरविंद शर्मा, परवेज कुरैशी, राजीव शर्मा मौजूद रहे। संवाद