दिल्ली मेट्रो में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गोसाई निवासी रंजीत ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले गांव कैसरा निवासी एक युवक ने दिल्ली मैट्रो में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे ढाई लाख रुपये लिए थे। काफी दिनों तक नौकरी नहीं मिलने पर उसने आरोपी से रुपये वापस करने को कहा। रंजीत का आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पैसे देने से साफ मना कर दिया। पीड़ित ने इस सम्बंध में थाने में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।