हसनपुर(अमरोहा)। पेट्रोल पंप लगवाने के नाम पर उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य चंद्रपाल खडगवंशी से 27.50 लाख रुपये हड़पे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जनपद एटा के तीन व बिजनौर के एक व्यक्ति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला राजपूत कालोनी निवासी चंद्रपाल सिंह खड़गवंशी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति का घर आना जाना था। उसने विश्वास में लेकर अपने एक दोस्त के पेट्रोल मंत्रालय में होने की बात कहकर साठ लाख रुपये में पेट्रोल पंप लगवाने की बात की थी। इस पर यकीन करके पेट्रोल पंप लगवाने को राजी हो गया। इसको लेकर 14 फरवरी 2019 को उसके खाते में दस लाख रुपये डाले। इसके बाद पांच लाख, फिर पांच लाख, फिर चार लाख, पंद्रह लाख और पांच लाख। इसी तरह से छह बार में कुल 44 लाख रुपये खाते में भेजे गए। दो माह बाद ही पेट्रोल पंप का काम शुरू होना तय था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी पेट्रोल पंप पर काम शुरू नहीं हो सका। रुपये मांगे तो बमुश्किल आरोपियों ने 16.50 लाख रुपये लौटाए। शेष 27.50 लाख रुपये नहीं मिले। आरोपी एटा के रहने वाले थे तो कई बार एटा उनके पास रुपये लेने गए। लेकिन रुपये नहीं मिले। कहा कि 15 फरवरी 2020 को आरोपियों ने रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मनोज कुमार समाजसेवी निवासी नजीबाबाद, बिजनौर, आदर्श बंधु, चंद्रकला, गुंजन यादव उर्फ वीनस बंधु निवासी काली मंदिर के पास शांतिनगर सेक्टर 12 कोतवाली नगर एटा व मनोज पता अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।