अमरोहा। पांच साल का एग्रीमेंट करने के बाद बाग मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर आम कारोबारी से धोखाधड़ी कर ली। आठ लाख रुपये हड़प लिए। इतना ही नहीं जान से मारने की नियत से फायरिंग की गई। मामले में पुलिस ने बाग मालिक समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बदायूं जनपद के मोहल्ला काम ग्राउंड घंटाघर निवासी हारुन सिद्दीकी आम कारोबारी है। आरोप है कि उन्होंने 13 फरवरी 2021 को मुंबई के मेघदूत टावर बैंक रोड जॉगर्स पार्क समौर लोखंडवाला परिसर अंधेरी वेस्ट के रहने वाले साजिद परवेज से उनका आम का बाग पांच वर्ष के लिए ठेके पर एग्रीमेंट के साथ लिया था। ये बाग अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के सलेमपुर हेमनगर में स्थित है। एग्रीमेंट के आधार पर 13 फरवरी को ही आठ लाख रुपये एडवांस दे दिए गए थे। इसके बाद से कारोबारी हारुन सिद्दीकी बाग की रखवाली करने लगे।
आरोप है कि नौ मई 2024 की शाम छह बजे हारुन सिद्दीकी बाग में थे। तभी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोई निवासी आकिल, देहात थाना क्षेत्र के रायपुर खुर्द निवासी जमशेद अली, अमरोहा नगर के मोहल्ला बंगला निवासी नदीम अहमद, जमील अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ बाग में घुस आए। इस दौरान सभी ने मिलकर हारुन सिद्दीकी को तमंचे के बल पर धमकाया और कहा कि तुम इस बाग से निकल जाओ। इस बाग से तुम्हारा कोई मतलब नहीं है। इस दौरान आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आरोप है कि इस षड्यंत्र में बाग मलिक साजिद परवेज भी शामिल है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की। इस मामले में पुलिस ने साजिद परवेज, नदीम अहमद, आकिल, जमशेद अली, जमील और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
-