गजरौला (अमरोहा)। हाईवे पर स्विफ्ट डिजायर कार का अगला टायर अचानक फट गया। इससे कार बेकाबू होकर पलट गई और डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी ओर आ गिरी। हादसे के बाद गाड़ी में सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने कड़ी मशक्कत कर कार में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। वहां आए इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज ने घायलों को गाड़ी में बैठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
बुधवार की शाम लगभग छह बजे यह घटना चौपला पुलिस चौकी क्षेत्र में हाईवे पर मुरादाबाद की दिशा में स्थित होटल हाईवे रिसोर्ट के सामने फ्लाईओवर के ऊपर हुई। दिल्ली की दिशा से आ रही स्विफ्ट डिजायर का अगला टायर अचानक फट जाने से कार चला रहे डा. पुष्पेंद्र यादव निवासी इज्जतनगर बरेली हड़बड़ा गए और कार बेकाबू होकर पलट गई। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर फ्लाईओवर की दूसरी लेन में आ गिरी। कार में सवार चिकित्सक के साथ ही उनकी पत्नी प्रीति यादव, पुत्री अपूर्वी यादव और सास पुष्पा देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई उनकी चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। वहां आए इंस्पेक्टर आरपी शर्मा और चौपला चौकी इंचार्ज एसआई संत कुमार घायलों को सीएचसी लेकर आए। साथ ही क्रेन बुलवाकर पलटी कार को सीधा कराया। चिकित्सकों के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है।