अमरोहा। आईएफटीएम यूनिवर्सिटी कैंपस में कमेंटबाजी का बदला लेने के लिए बस पर पथराव और विद्यार्थियों की पिटाई करने के मामले में पुलिस ने दो छात्र के अलावा एक अन्य युवक सहित तीन के खिलाफ थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही पुलिस की विवेचना के दौरान यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले दो और छात्रों के नाम प्रकाश में आए, इस तरह इस मामले में मामले के पांच आरोपी बने। जिनमें से पुलिस ने तीन छात्रों और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस बीच मंगलवार को यूनिवर्सिटी के कुल सचिव ने भी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी।
सोमवार शाम मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र के लोदीपुर स्थित आईएफटीएम विश्वविद्यालय की बस में तोड़फोड़ और छात्रों की पिटाई की गई थी। इसमें पांच विद्यार्थी घायल हो गए थे और बस क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में उपनिरीक्षक सुरेशपाल सिंह की ओर से यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले दो छात्रों मोनू, रोहित और एक युवक शुभम निवासी बंबूगढ़ को नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई।
सीओ नगर विजय कुमार राणा ने मंगलवार को यूनिवर्सिटी पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान कल्याणपुरा निवासी छात्र अजय सैनी और लक्ष्मण वाली मढैयां निवासी योगेश कुमार के नाम पुलिस की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए। सीओ ने बताया कि शुभम को छोड़कर सभी आरोपी छात्र यूनिवर्सिटी में बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई करते हैं। दो मार्च को यूनिवर्सिटी में किसान मेले का आयोजन हुआ था। इस दौरान आरोपी छात्र रोहित और अजय सैनी की मेकैनिकल की पढ़ाई करने वाले बिजनौर निवासी छात्र विवेक से किसी बात को लेकर कमेंटबाजी हो गई थी। छात्र विवेक यूनिवर्सिटी की बस से आता-जाता है। विवेक से कमेंटबाजी का बदला लेने के लिए सोमवार को आरोपी छात्रों ने बस पर हमला किया, लेकिन संयोग से उस दिन विवेक बस में नहीं था। इस दौरान आरोपियों ने बस में मौजूद विवेक के मित्र निकेश चौहान और प्रिंस कुमार बिजनौर की पिटाई की। पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल छात्र अजय सैनी, रोहित, मोनू के अलावा घटना के दौरान मौके से पकड़े गए युवक शुभम को अस्पताल में भर्ती होने के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि पांचवें आरोपी छात्र योगेंद्र की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही।
उधर मंगलवार सुबह यूनिवर्सिटी के कुल सचिव प्रोफेसर संजीव अग्रवाल ने भी मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। सीओ नगर ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। ऐसे में यूनिवर्सिटी की तरफ से आई तहरीर को विवेचना में शामिल किया जाएगा। मेकैनिकल की पढ़ाई करने वाले बिजनौर निवासी छात्र विवेक से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मारपीट का वास्तविक कारण सामने आएगा।
ये है घटनाक्रम
अमरोहा। सोमवार को मुरादाबाद के पाकबड़ा थानाक्षेत्र के लोदीपुर स्थित आईएफटीएम यूनिवर्सिटी की बस चालक मंगेश कुमार सोमवार शाम 6:30 बजे के करीब 45 छात्र-छात्राओं को लेकर अमरोहा लौट रहे थे। बस में अमरोहा और बिजनौर के अलावा कई शहर-कस्बों के विद्यार्थी सवार थे। जैसे ही बस अमरोहा-जोया रोड स्थित ग्रीन कॉलोनी के सामने पहुंची तो यहां पहले से बाइक पर सवार कुछ युवकों ने बस को रोकने की कोशिश की, जब चालक ने बस नहीं रोकी तो युवकों ने बस पर पथराव कर दिया। लगातार पथराव होने से घबराकर चालक ने बंबूगढ़ के पास बस को रोक दिया। तभी डंडा और लोहे की रॉड लिए तीन युवक बस में घुस आए और छात्रों की पिटाई करने लगे। अचानक हुए हमला से बस में सवार छात्र-छात्राओं में चीखपुकार मच गई। बचाव करते हुए छात्र-छात्राओं ने एक हमलावर शुभम को को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की, इस दौरान मौका पाकर उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पथराव में बस क्षतिग्रस्त हो गई, साथ ही मौके पर आधे घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस घटना में शिवाला कलां कैमरी गांव निवासी छात्र निकेश चौहान, नौगावां सादात के कासमपुर मेव गांव निवासी छात्र प्रिंस कुमार और एक छात्रा आयुषी सहित पांच से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि छात्रों की पिटाई से घायल बंबूगढ़ निवासी आरोपी युवक शुभम को भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जिसे पुलिस ने मंगलवार को यहां से गिरफ्तार कर लिया है।