जिले में बुखार अब बेकाबू होने के साथ-साथ जानलेवा बनता जा रहा है। हसनपुर के गांव उधनपुर में बुखार से एक ही दिन में प्रियंका (20) पत्नी सूरज, रीना (27) पत्नी अजब सिंह की मौत हो गई। गजरौला के मोहरका पट्टी में छात्र मोंटी (13) की बुखार से जान चली गई। उधर, बछरायूं के मोहल्ला चौधरियान में छात्र अली अयाज (19) पुत्र खालिद सलमानी की मौत हो गई।
गांव उधनपुर में बुखार से मरने वाली प्रियंका की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। उसके हाथों से अभी मेहंदी का रंग भी पूरी तरह से नहीं छूट पाया था। लेकिन इसी बीच जानलेवा बुखार ने प्रियंका को मौत की नींद सुला दिया। उधर, गांव में बुखार से मरने वाली दूसरी महिला रीना ने अपने पीछे दो बच्चे छोड़े हैं। बच्चों का रो-रोकर बुराहाल है।
हसनपुर क्षेत्र के गांव उधनपुर में जानलेवा बुखार का प्रकोप इतना हावी है। पिछले दस दिन के भीतर गांव के अंदर तीन महिलाओं की मौत हो गई। बुखार से तीन महिलाओं की मौत हो जाने और कई लोगों की हालत गंभीर है। इसके अलावा गांव में सौ से अधिक लोगों बुखार की चपेट में है। जिससे गांव में दहशत बनी हुई है।
हालांकि सोमवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर मरीजों को दवाएं बांटी। गांव में शिक्षा देवी, प्रियंका और रीना की बुखार से मौत हो चुकी है। इसके अलावा गांव में सीमा देवी, सुमित चौहान, सनी, तनु चौहान, राजकुमार, राजेश्वरी, निकिता, तुषित, मोनू, संजय, प्रकाश सिंह, प्रियंका, सोनिका को बुखार है।
इसके अलावा लवी कुमार, कविता, विनेश, अकांक्षा, रिंकी, पुष्पेंद्र, लता, जरीना, माया, गंगाराम, अतरकली समेत सौ से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित है। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर ध्रुवेंद्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य टीम ने सोमवार को गांव में कैंप लगाकर दवाएं बांटी थी। खून की जांच के लिए मरीजों के सैंपल लिए गए थे। अब फिर से कैंप लगाया जाएगा।