हसनपुर। मारपीट के मामले में कार्रवाई में देरी व पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने में युवती के धरने पर बैठने के बाद चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में भी लिया है।
गजरौला थानाक्षेत्र के मोहम्मदपुर सुल्तानठेर गांव निवासी ममता राणा के मुताबिक संभल जिले के गवां निवासी चिराग ने इंस्टाग्राम आईडी पर तस्वीर लगाकर उसे बदनाम करने की कोशिश की। आरोपी चिराग ने उसके व उसके परिजनों पीछे युवकों को लगाया था। कई बार पीछा भी किया। आरोप है कि चिराग ने साथियों के साथ ममता के भाई योगेश के साथ बदतमीजी और मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी। शनिवार शाम को रहरा अड्डा पर अस्पताल संचालक ने आरोपी चिराग से बात करने के लिए बुलाया था, यहां आरोपी व उसके साथियों ने ममता व उसकी बहनों से अभद्रता की थी। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई थी।
रविवार दोपहर ममता बहन के साथ मामले में कार्रवाई की जानकारी करने के लिए हसनपुर कोतवाली पहुंची थी। ममता का आरोप है कि थाने में मौजूद इंस्पेक्टर ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। इस पर ममता थाने में ही धरने पर बैठ गई थी। पुलिस ने ममता को समझाकर शांत कराया था। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर संभल के गंवा निवासी चिराग, अनीश, राहुल और पवन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।