डीएम निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर मंगलवार को अभियान चलाकर परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चार विद्यालय बंद मिलें। इनके स्टाफ का स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
मंगलवार को जिले के विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। बीएसए कार्यालय से विकासखंड गंगेश्वरी के लगभग 100 विद्यालयों को फोन कॉल एवं वीडियो कॉल किया गया। इस दौरान तीन शिक्षामित्र व दो शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इनका स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बीईओ ने विकासखंड गंगेश्वरी के प्राथमिक विद्यालय जीवपुर, कंपोजिट विद्यालय मरोरा, कंपोजिट विद्यालय मलकपुर, विकास खंड धनौरा का विद्यालय धनौरा बंद पाए गए। सभी विद्यालयों के स्टाफ से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
बीएसए ने समस्त बीईओ को निर्देशित किया है कि वह अपने विकासखंड के विद्यालयों का सुबह को निरीक्षण करें। उसकी आख्या उपलब्ध कराए। बीईओ गंगेश्वरी को निर्देशित किया कि भविष्य में यदि विद्यालय बंद पाए जाएंगे या शिक्षक अनुपस्थित पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व बीएसए के द्वारा विकासखंड अमरोहा के उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदपुर इम्मा का औचक निरीक्षण किया गया। विद्यालय समय से पूर्व बंद हो गया था। इस संबंध में विद्यालय के स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया है।