अतरासी गांव के पास चल रही पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाली चार महिलाओं व घायलों के परिजनों से बुधवार को पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता कुंवर दानिश अली मिले। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
बुधवार को पीड़ितों के घर पहुंच कर पूर्व सांसद ने दुख जताया। कहा कि घटना बेहद दुखद और प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। गरीब मजदूर महिलाएं रोजी-रोटी के लिए फैक्टरी में काम कर रही थीं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उन्होंने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कहा कि अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द पीड़ितों को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की जाएगी। हादसे में जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख का मिले मुआवजा
अमरोहा। कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल गांव रजबपुर व पपसरा में पटाखा मृतकों व पीड़ितों के घर पहुंचा। शोक संवदेना व्यक्त कर सीएम को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर चंद्रकांता को सौंपा। कहा कि मृतकों के परिजनों को तीस-तीस लाख व घायलों को 15-15 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।
16 जून को अतरासी के जंगल में पटाखा फैक्टरी में विस्फोटक हो जाने के कारण फैक्टरी में काम कर रही चार महिला मजदूरों की मौत हो गई थीं, जबकि नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने अतरासी में मृतक रुकसाना और शहनाज और गांव पपसरा में मृतक रूमा व सर्वेश देवी के परिवारजनों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। इस दौरान सुखराज सिंह, तारिक मोहम्मद खान, आसिम हुसैन साबरी मौजूद रहे।