हसनपुर (अमरोहा)। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का मंगलवार को हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक पल का लाइव प्रसारण जनपद के मंगरौला स्थित गंगा एक्सप्रेसवे एप्रोच मार्ग पर भी दिखाया गया।
मुख्य अतिथि एवं जिले के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास की धुरी बनेगा। यह एक्सप्रेसवे न केवल प्रयागराज के संगम की आस्था को जोड़ेगा, बल्कि आर्थिक उन्नति और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। इसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा।
सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर ने कहा कि अमरोहा से गुजर रहा यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा। यहां के निवासियों के लिए आवागमन के साथ-साथ विकास के द्वार खुलेंगे। विधायक महेंद्र खड़गवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हसनपुर विधानसभा की जरूरतों को प्राथमिकता दी है। गंगा एक्सप्रेसवे का यहां से गुजरना हमारे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है।
मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा ने कहा कि एक्सप्रेसवे का दूसरा चरण सीधे धनौरा विधानसभा होते हुए हरिद्वार को जोड़ेगा, जिससे यह मार्ग और भी महत्वपूर्ण हो जाएगा। एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि इस परियोजना से मेरठ और प्रयागराज की दूरी सिमट जाएगी। सफर आसान होने के साथ-साथ यह नए अवसर भी प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी, रालोद जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी, जिलाधिकारी नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।