शहर के धनौरा रोड पर छोटा हाथी में लदे नमकीन की चेकिंग करती खाद्य विभाग की टीम
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को अभियान चलाया। टीम ने शहर के धनौरा रोड पर नमकीन से भरा छोटा हाथी पकड़ लिया। मिलावट और मिस ब्रांडिंग की आशंका होने पर टीम ने नमूना भरा। साथ ही पचास हजार रुपये की नमकीन को सीज कर दिया। ये नमकीन धनौरा और अमरोहा में बिक्री के लिए मुरादाबाद से लाई गई थी।
डीएम के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया। अभिहित अधिकारी सुनील कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने धनौरा रोड पर नमकीन से भरे छोटे हाथी को रोक लिया। निरीक्षण के दौरान 25 कट्टों में 750 किग्रा नमकीन मिली। 750 पैकेटों में भरी इस नमकीन को बिक्री के लिए ले जाए जा रहा था। मिलावट और मिस ब्रांडिंग की आशंका को देखते हुए नमकीन के दो नमूने जांच के लिए गए। जबकि बाकी नमकीन सीज कर दिया गया। सीज किए गए नमकीन की कीमत पचास हजार बताई जा रही है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। नमकीन को सीज कर दिया गया है। अग्रिम कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, महेश कुमार, विजय कुमार मौजूद रहे।