ठंड बढ़ने के साथ कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। बृहस्पतिवार दोपहर तक कोहरा छाए रहने के चलते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रात में जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के पास रहा। हालांकि, बृहस्पतिवार को दिन में अधिकतम तापमान बुधवार के सापेक्ष एक डिग्री चढ़कर 27 डिग्री रिकार्ड किया गया है।
बृहस्पतिवार सुबह लोग घरों से बाहर निकले तो उनको कोहरे की चादर दिखाई दी। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर चल रहे थे। सुबह काम पर जाने वाले नौकरीपेशा और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, सीजन में आया घना कोहरा गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है। भोर होने पर लोग जागे तो चारों तरफ कोहरे की चादर छाई थी, जिसके चलते रास्ता थोड़ी दूर तक भी दिखाई नहीं दे रहा था।
हाईवे और अन्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार भी थम गई। दोपहर दो बजे के बाद हल्की धूप निकली। जिला कृषि अधिकारी बबलू सिंह ने बताया कि ये मौसम गेहूं के लिए गुणकारी है। इससे फसल वृद्धि करती है। वहीं, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। उन्होंने, बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि आठ किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवा चल रही हैं।