अमरोहा। मतदान से चंद घंटे पूर्व यानी बृहस्पतिवार देर शाम फ्लाइंग स्क्वाॅड टीम ने बसपा कार्यालय पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि बसपा प्रत्याशी के पोस्टर पर उनके पुत्र का भी फोटो लगाया गया था। जबकि, वह स्वयं निर्दलीय प्रत्याशी हैं। ऐसे में चुनाव आयोग की टीम की ओर से गाड़ी की परमिशन निरस्तीकरण के साथ-साथ उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।
अमरोहा लोकसभा क्षेत्र से डॉ. मुजाहिद हुसैन बसपा प्रत्याशी हैं। उनके बेटे काशिफ हुसैन भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। बताया जा रहा है कि चुनाव में बसपा प्रत्याशी के पोस्टर पर ही काशिफ हुसैन के फोटो छपे थे। जिसकी सूचना जिला प्रशासन को मिली। जिसके बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह के निर्देश पर फ्लाइंग स्क्वाॅड टीम ने बसपा कार्यालय पर छापा मारा। यहां चुनाव सामग्री की जांच पड़ताल की। जिसमें कुछ पोस्टर पर बसपा प्रत्याशी के साथ उनके पुत्र काशिफ के फोटो भी लगे मिले। टीम ने सामग्री कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फ्लाइंग स्क्वाॅड प्रभारी ने बताया कि इस मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। वहीं, काशिफ हुसैन के वाहनों की परमिशन निरस्त की जा रही है।