गजरौला। बिजौरा में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और पथराव में दो महिलाएं व पिता-पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए। बाहर से आए नकाबपोश युवकों ने भी मारपीट की। एक युवक पर तमंचे से फायरिंग करने का आरोप है।
गांव बिजौरा में महिपाल सिंह व नौबहार सिंह के परिवार रहते हैं। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार रात महिपाल का बेटा रास्ते में खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। इसका नौबहार की पत्नी बवीता ने विरोध किया तो दोनों के परिवारों में कहासुनी हो गई। हालांकि, गांव के लोगों ने मामला शांत करा दिया। वहीं, शुक्रवार शाम मामले को निपटाने के लिए दोनों पक्ष के लोग नौबहार के घर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
लाठी डंडे और धारदार हथियार चलने के साथ ही पथराव शुरू हो गया। इस बीच अचानक आए 10-12 युवकों ने भी मारपीट की। उनमें एक पर तमंचा था। युवक द्वारा तमंचे से फायर किए जाने का भी आरोप है। मारपीट व पथराव में एक पक्ष से नौबहार की पत्नी बबीता, उसके परिवार का किशोर पवन कुमार, जेठानी जयविंद्री व दूसरी तरफ से महिपाल व उसका बेटा गौरव घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में लाया गया। दोनों तरफ से एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। संवाद